Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं निकाय चुनाव से पहले सिंघाना में पुलिस का फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों...

निकाय चुनाव से पहले सिंघाना में पुलिस का फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश

कस्बे की सड़कों पर दिखा पुलिस का दमखम, भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण मतदान का भरोसा; कानून तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

सिंघाना। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान कस्बे में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में विश्वास पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस थाना सिंघाना की ओर से कस्बे में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस जवानों की मौजूदगी में निकले फ्लैग मार्च से जहां आमजन में सुरक्षा का संदेश पहुंचा, वहीं असामाजिक तत्वों को भी पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दे दी कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फ्लैग मार्च झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय झुंझुनूं देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा बुहाना वृताधिकारी मंजू चौहान के नेतृत्व में निकाला गया। सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह पुनि पुलिस जाप्ते के साथ फ्लैग मार्च में शामिल रहे। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने आमजन से आगामी नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। पुलिस ने लोगों को कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध अथवा असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का संदेश दिया। पुलिस ने साफ किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने, मतदाताओं को प्रभावित करने अथवा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि में शामिल होने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की निगरानी चुनाव तक लगातार जारी रहेगी। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने आमजन को भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त चुनाव कराना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस बल चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखेगा और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगा। पुलिस का यह फ्लैग मार्च चुनावी माहौल में कानून का राज और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश देता नजर आया—मतदाता निर्भय होकर मतदान करें और कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisement