Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम की झुंझुनूं ब्लॉक कार्यकारिणी गठित

राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम की झुंझुनूं ब्लॉक कार्यकारिणी गठित

रतिराम धींवा लगातार पांचवीं बार ब्लॉक अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए, विकास बुडानिया को ब्लॉक मंत्री की जिम्मेदारी

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम उप शाखा झुंझुनूं का वार्षिक अधिवेशन एवं नवीन कार्यकारिणी गठन समारोह राजकीय महात्मा गांधी सिटी स्कूल, झुंझुनूं के परिसर में आयोजित हुआ। अधिवेशन में शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मंथन के साथ संगठन की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन किया गया। संगठन ने एक बार फिर रतिराम धींवा पर भरोसा जताते हुए उन्हें लगातार पांचवीं बार ब्लॉक अध्यक्ष चुना। वहीं विकास बुडानिया को ब्लॉक मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभा अध्यक्ष सुभाष सिंह शेखावत ने की। मुख्य अतिथि प्रदेश मुख्य महामंत्री उम्मेद सिंह डूडी रहे। विशिष्ट अतिथि महेंद्र सिंह पूनियां एवं जिला अध्यक्ष अशोक कुल्हरी रहे। अधिवेशन के प्रथम सत्र में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं शैक्षणिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, पे प्रोटेक्शन के नाम पर की जा रही अनाधिकृत रिकवरी के आदेश वापस लेने तथा सातवें वेतन आयोग से संबंधित वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों की लंबित समस्याओं का समाधान करवाने के लिए संगठन को एकजुट होकर प्रभावी प्रयास करने होंगे। ब्लॉक अध्यक्ष रतिराम धींवा ने अधिवेशन में पहुंचे पदाधिकारियों एवं शिक्षकों का स्वागत किया। वहीं ब्लॉक मंत्री विकास बुडानिया ने संगठन का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की गतिविधियों एवं संगठनात्मक कार्यों की जानकारी दी। अधिवेशन के दूसरे सत्र में चुनाव अधिकारी अशोक कुल्हरी एवं विनोद कुमार भड़िया ने निर्विरोध नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की। इसमें सुभाष सिंह शेखावत को सभाध्यक्ष, रतिराम धींवा को ब्लॉक अध्यक्ष, राम सिंह कुल्हरी को कार्यकारी अध्यक्ष तथा विकास बुडानिया को ब्लॉक मंत्री चुना गया।नई कार्यकारिणी में शेर सिंह कोषाध्यक्ष, मुन्नी महिला उपसभा अध्यक्ष, सरोज धायल महिला उपाध्यक्ष, चंचल महिला मंत्री, नाहर सिंह सैनी ऑडिटर, राजवीर कुमावत प्रारंभिक शिक्षा उपाध्यक्ष, लीलाधर चाहर माध्यमिक शिक्षा उपाध्यक्ष, रिचा भूरिया सदस्या प्रधानाचार्या , सुनील कुमार कुमावत सदस्य पैरा टीचर, प्रेमलता सैनी महिला संगठन मंत्री, जय सिंह प्रवक्ता तथा प्रदीप कुमार सदस्य व्याख्याता बनाए गए। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को चुनाव अधिकारियों ने संगठन की रीति-नीति एवं दायित्वों की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पदाधिकारियों से संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने तथा शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपेक्षा की गई। अधिवेशन में उपस्थित शिक्षकों ने लगातार पांचवीं बार अध्यक्ष चुने जाने पर रतिराम धींवा को बधाई दी और नवीन कार्यकारिणी से शिक्षक समस्याओं के समाधान एवं संगठन के विस्तार के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Advertisement