करीब एक माह से समस्या का समाधान नहीं होने का आरोप, गाड़ी ठीक होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE



हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
करीब 27 लाख रुपए की नई कार खरीदने के महज दो दिन बाद उसमें तकनीकी खराबी आने और करीब एक माह तक समस्या का समाधान नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने सोमवार को टाटा मोटर्स के सर्विस सेंटर पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी के प्रतिनिधियों पर समस्या का संतोषजनक समाधान नहीं करने और अलग-अलग कारण बताकर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक गाड़ी की खराबी का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, उनका धरना जारी रहेगा।मनीष कुमार ने बताया कि उन्होंने करीब एक माह पहले अपनी भाभी पूनम गोस्वामी के नाम से टाटा मोटर्स से करीब 27 लाख रुपए की नई कार खरीदी थी। उनके अनुसार कार खरीदने के महज दो दिन बाद ही उसकी चाबी ने काम करना बंद कर दिया। इसके साथ ही आईआर एप के काम नहीं करने की समस्या भी सामने आई। न
ई कार में इतनी जल्दी तकनीकी समस्या आने पर उन्होंने कंपनी के सर्विस सेंटर से संपर्क किया, लेकिन आरोप है कि उन्हें समस्या का तत्काल समाधान नहीं मिला।मनीष कुमार के अनुसार, समस्या लेकर कंपनी के पास पहुंचने पर कभी उन्हें श्रीगंगानगर जाने के लिए कहा गया तो कभी केवाईसी पूरी नहीं होने की बात कही गई। इसके अलावा तकनीकी समस्या का हवाला देते हुए भी उन्हें अलग-अलग जानकारी दी गई। उनका आरोप है कि इस तरह करीब एक माह तक उन्हें अलग-अलग कारण बताकर हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के चक्कर लगवाए गए।उन्होंने बताया कि बाद में पैसे लेकर कार की चाबी को ठीक करके दिया गया, लेकिन कुछ समय बाद फिर से चाबी में समस्या आ गई। इसके अलावा कार की कूलिंग को लेकर भी परेशानी सामने आ रही है। मनीष कुमार का कहना है कि कार ऑटोमैटिक होने के कारण चाबी के काम नहीं करने पर वाहन को स्टार्ट करना संभव नहीं होता। ऐसे में रास्ते में चाबी खराब हो जाए तो वाहन चालक के सामने गंभीर परेशानी खड़ी हो सकती है।मनीष कुमार के अनुसार, करीब 10 दिन पहले वे कार की सर्विस करवाने एजेंसी पहुंचे थे। उनका आरोप है कि उस समय भी संतोषजनक तरीके से सर्विस नहीं की गई। सोमवार को जब वे दोबारा शिकायत लेकर सर्विस सेंटर पहुंचे तो कथित तौर पर उन्हें बताया गया कि सर्विस करना बंद कर दिया गया है। इसके अलावा कार में मौजूद वास्तविक खराबी की जांच किए बिना उन्हें श्रीगंगानगर या बीकानेर जाने के लिए कहा गया।इससे नाराज ग्राहक और उनके साथ आए लोगों ने सर्विस सेंटर परिसर में धरना शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कंपनी की सर्विस व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जब ग्राहक लाखों रुपए खर्च कर नई कार खरीदता है तो उसे कंपनी से बेहतर उत्पाद के साथ भरोसेमंद आफ्टर सेल्स सर्विस की भी उम्मीद होती है। यदि नई कार में खरीदने के दूसरे दिन से ही समस्या आने लगे और उसका समय पर समाधान भी नहीं हो तो ग्राहक का कंपनी के उत्पाद पर भरोसा प्रभावित होता है।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्होंने बड़ी राशि खर्च कर नई कार खरीदी है, लेकिन इसके बावजूद करीब एक माह से लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कंपनी से कार की तकनीकी समस्या की जांच कर स्थायी समाधान करने तथा सर्विस व्यवस्था को लेकर स्पष्ट जवाब देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक कार ठीक नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर मामले को लेकर न्यायालय की शरण लेने की बात भी कही गई।







