फुटवियर क्लस्टर के प्रशिक्षणार्थियों को मिला स्वरोजगार का संबल, राठौड़-सहारण ने युवाओं से आत्मनिर्भर बनने का किया आह्वान




चूरू। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र की ओर से एकीकृत क्लस्टर विकास योजना के तहत शनिवार को वार्ड संख्या 53 स्थित रेगर मोहल्ले के बाबा रामदेव मंदिर परिसर में फुटवियर क्लस्टर के प्रशिक्षणार्थियों के लिए टूल किट एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, चूरू विधायक हरलाल सहारण सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने संत शिरोमणि रविदास महाराज को स्मरण करते हुए कहा कि करीब 650 वर्ष पहले उन्होंने कर्म की महत्ता और श्रम के सम्मान का संदेश दिया था, जिसकी प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है।राठौड़ ने कहा कि युवाओं को आधुनिक कौशल से जोड़ने के साथ पारंपरिक उद्योगों और व्यवसायों को नई तकनीक एवं आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि अपने हुनर को नए अवसरों के साथ जोड़कर आत्मनिर्भर बनें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदारी निभाएं।
विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि प्रशिक्षण के साथ आधुनिक उपकरण उपलब्ध होने से कारीगरों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और स्थानीय उद्योगों को नई पहचान मिल सकेगी। उन्होंने लाभार्थियों से अपने हुनर का अधिकतम उपयोग करते हुए आर्थिक रूप से मजबूत बनने का आह्वान किया।इस अवसर पर अतिथियों ने सामुदायिक भवन का शिलान्यास भी किया।
100 आर्टिजनों को मिला प्रशिक्षण
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक ने बताया कि योजना के तहत चूरू फुटवियर क्लस्टर में अब तक 100 आर्टिजनों को दक्षता संवर्धन प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी 100 आर्टिजनों को कार्यक्रम में टूल किट एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इन उपकरणों के माध्यम से प्रशिक्षणार्थी अपने कौशल को स्वरोजगार में बदल सकेंगे।उन्होंने बताया कि क्लस्टर के अगले चरण में इन 100 दस्तकारों में से 50 दस्तकारों को डिजाइनिंग स्किल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं इनमें से 25 दस्तकारों को तकनीकी संवर्द्धन का प्रशिक्षण देने के साथ लेदर फुटवियर के प्रमुख बाजारों और संबंधित इकाइयों का भ्रमण भी कराया जाएगा।इस पहल से चूरू के पारंपरिक फुटवियर कारीगरों को आधुनिक तकनीक, बेहतर डिजाइन और बाजार की समझ से जोड़ने के साथ उनके लिए स्वरोजगार एवं आय के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।इस दौरान वासुदेव चावला, चंद्राराम गुरी, सहायक आयुक्त उजाला, गोपाल बालाण, सांवरमल गहनोलिया, गजानंद खेड़ीवाल, रजत शर्मा, सुशील लाटा, धमेन्द्र राकसिया, आकाश दहिया सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
#CHURU, #FOOTWEARCLUSTER, #SKILLDEVELOPMENT, #SELFEMPLOYMENT, #RAJENDRARATHORE, #HARLALSAHARAN, #RAJASTHANNEWS, #INTERVIEWERINDIA,






















