Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से होगी पंचायतीराज चुनाव की मतगणना...

20 नवंबर को सुबह 8 बजे से होगी पंचायतीराज चुनाव की मतगणना , प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

झुंझुनूं के सेठ मोतीलाल पीजी कॉलेज में पंचायतीराज चुनाव मतगणना की तैयारियों का निरीक्षण करते जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर

कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने किया मतगणना स्थल का निरीक्षण , सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश , प्रत्याशियों को गेट नंबर 3 और मीडिया को गेट नंबर 2 से मिलेगा प्रवेश

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
पंचायतीराज आम चुनाव – 2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित सेठ मोतीलाल पीजी कॉलेज में सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग तथा झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतगणना कक्ष, स्ट्रांग रूम, प्रत्याशियों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा पार्किंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि मतगणना कार्य बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

सुबह 6 बजे पहुंचना होगा मतगणना कार्मिकों को

मतगणना कार्य में नियुक्त सभी कार्मिकों को 20 नवंबर को सुबह 6 बजे मतगणना स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होगा, जबकि मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी। कार्मिकों के ठहरने एवं रात्रि विश्राम के लिए राणी शक्ति मंदिर में व्यवस्था की गई है।

तीन प्रवेश द्वारों से मिलेगी अलग-अलग श्रेणियों को एंट्री

मतगणना स्थल पर भीड़ एवं अव्यवस्था से बचने के लिए प्रवेश के अलग-अलग द्वार निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत अभ्यर्थियों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को गेट नंबर 3 से प्रवेश दिया जाएगा। मतगणना कार्मिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के लिए गेट नंबर 2 निर्धारित किया गया है, जबकि रिटर्निंग अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को गेट नंबर 1 से प्रवेश मिलेगा।

चुणा चौक से बंद रहेगा यातायात, कॉलेज ग्राउंड में होगी पार्किंग

जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि मतगणना दिवस पर 20 नवंबर को सुबह 6 बजे से चुणा चौक से यातायात का आवागमन बंद रहेगा। मतगणना स्थल पर आने वाले प्रत्याशियों एवं मतगणना अभिकर्ताओं के वाहनों की पार्किंग सेठ मोतीलाल पीजी कॉलेज ग्राउंड में निर्धारित की गई है। प्रशासन एवं पुलिस की ओर से मतगणना स्थल पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और प्रवेश व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

Advertisement