‘असंभव कुछ नहीं’ कार्यक्रम में झुंझुनूं के प्रतिभाशाली दिव्यांगजन होंगे सम्मानित, सहायक उपकरण भी किए जाएंगे वितरित


झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
दिव्यांगता को कमजोरी नहीं, बल्कि हौसलों और प्रतिभा से अपनी अलग पहचान बनाने का माध्यम साबित करने वाले विशेष योग्यजनों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को ‘सपनों की उड़ान, असंभव कुछ नहीं’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के सान्निध्य में होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में प्रतिभाशाली दिव्यांगजन अपनी सफलता की कहानियां, संघर्ष और उपलब्धियां साझा करेंगे।
कार्यक्रम का जिला स्तरीय आयोजन 31 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे झुंझुनूं कलेक्ट्रेट सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों की प्रतिभा, क्षमता और उपलब्धियों को सम्मान देना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़कर समान अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूती देना है।
इस दौरान विशेष योग्य युवाओं को अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। वहीं, खेल, शिक्षा, संस्कृति, कला, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले चयनित दिव्यांगजनों को सम्मानित किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक अरविंद ओला ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान विशेष योग्य युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।
इसमें दिव्यांगजन अपने जीवन के संघर्ष, चुनौतियों का सामना करने के अनुभव, सफलता की कहानियां और उल्लेखनीय उपलब्धियां साझा करेंगे। साथ ही राज्य सरकार एवं विभाग की ओर से दिव्यांगजनों के कल्याण, सशक्तीकरण और सहायता के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं पर भी चर्चा होगी।
उपनिदेशक अरविंद ओला ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री आवास से राज्य एवं जिला स्तर के बीच टू-वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। इसके जरिए चयनित प्रतिभाशाली दिव्यांगजनों को मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
‘सपनों की उड़ान, असंभव कुछ नहीं’ कार्यक्रम दिव्यांगजनों के हौसलों को नई पहचान देने, उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने लाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और अवसर मिलने पर दिव्यांगजन भी हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकते हैं।














