खेतड़ी-सिंघाना मार्ग पर फिर मौत का हादसा, 52 वर्षीय शीशराम गुर्जर की दर्दनाक मौत, सड़कों पर दौड़ते भारी वाहनों की निगरानी और प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे गंभीर सवाल!, दिल्ली ड्यूटी पर लौटने से पहले ही उजड़ गया परिवार का सहारा , ओवरलोड डंपरों की आवाजाही से ग्रामीणों में आक्रोश , आखिर कब टूटेगी जिम्मेदार विभागों की चुप्पी?

खेतड़ी । झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
खेतड़ी-सिंघाना सड़क मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अब आम राहगीरों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। भरगड़ान की ढाणी के पास गुरूवार को डंपर और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में आरएसी के जवान की दर्दनाक मौत ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों पर नियंत्रण के दावों की हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चिरानी निवासी 52 वर्षीय शीशराम गुर्जर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं हादसे के बाद क्षेत्र में ओवरलोड डंपरों के संचालन को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार शीशराम गुर्जर आरएसी की 12वीं बटालियन दिल्ली में तैनात थे। गुरूवार को वे भरगड़ान की ढाणी से अपने गांव चिरानी की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान टीवीएस एजेंसी के पास एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
भिड़ंत में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर खेतड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को राजकीय अजीत उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन रास्ते में ही जिंदगी ने तोड़ दिया दम
हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि शीशराम गुर्जर को गुरूवार को ही दिल्ली में अपनी ड्यूटी पर पहुंचना था। वे अपने कर्तव्यस्थल पर लौटने की तैयारी में थे, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। एक जवान की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। यह हादसा क्षेत्र में भारी वाहनों के संचालन और सड़क पर आमजन की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर गया है।
ओवरलोड डंपरों पर कब लगेगी लगाम? खबरें उठती रहीं, समस्या जस की तस!
खेतड़ी-सिंघाना मार्ग पर ओवरलोड डंपरों की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों में लंबे समय से नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले भारी वाहन सड़क पर दूसरे वाहन चालकों और आम राहगीरों के लिए खतरा बन रहे हैं। इस समस्या को लेकर समय-समय पर समाचार पत्रों और अन्य मीडिया माध्यमों में भी खबरें प्रकाशित होती रही हैं, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार हालात में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा।
ऐसे में संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। यदि ओवरलोडिंग की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं तो परिवहन विभाग और पुलिस की ओर से नियमित जांच कितनी प्रभावी है? क्या इस मार्ग पर भारी वाहनों की भार क्षमता और दस्तावेजों की जांच के लिए कोई विशेष अभियान चलाया जा रहा है? यदि कार्रवाई की जा रही है तो उसका परिणाम सड़क पर क्यों नजर नहीं आ रहा?
हादसे के बाद जागने की परंपरा कब बदलेगा प्रशासन?
सड़क दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचना और जांच की औपचारिकता पूरी करना पर्याप्त नहीं है। असली जिम्मेदारी दुर्घटनाओं को रोकने की है। जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस को यह सुनिश्चित करना होगा कि नियमों का उल्लंघन कर चलने वाले वाहनों के खिलाफ नियमित और निष्पक्ष कार्रवाई हो। डंपरों की भार क्षमता, फिटनेस, परमिट और अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जांच कर नियम तोड़ने वालों पर सख्ती की जाए।
ग्रामीणों में आक्रोश, अब ठोस कार्रवाई की मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों ने ओवरलोड डंपरों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि खेतड़ी-सिंघाना मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए। ओवरलोड वाहनों की जांच, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और जब्ती जैसी वैधानिक कार्रवाई तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए। अब सवाल केवल एक हादसे का नहीं, सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जिंदगी का है।
शीशराम गुर्जर की मौत को महज एक दुर्घटना मानकर भुला देना समस्या का समाधान नहीं होगा। दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच के साथ ओवरलोडिंग की शिकायतों की भी गंभीरता से पड़ताल जरूरी है। प्रशासन को अब आश्वासनों से आगे बढ़कर धरातल पर कार्रवाई दिखानी होगी, ताकि किसी दूसरे परिवार को ऐसी असहनीय पीड़ा से न गुजरना पड़े।

















