सोशल मीडिया पर धार्मिक आयोजन को लेकर अभद्र टिप्पणी का आरोप

गोरक्षा दल व बजरंग दल सहित ग्रामीणों ने सदर थाने में सौंपा ज्ञापन, मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग

हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
गांव धौलीपाल में सोशल मीडिया पर धार्मिक आयोजन एवं हिन्दू धर्म से जुड़े देवी-देवताओं और तीज-त्योहारों को लेकर कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के मामले में गोरक्षा दल व बजरंग दल धौलीपाल सहित ग्रामीणों ने पुलिस थाना सदर हनुमानगढ़ में ज्ञापन सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में धौलीपाल निवासी रामजस पुत्र डालूराम, उम्र 59 वर्ष, के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रामजस द्वारा गांव में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों तथा देवी-देवताओं के संबंध में कथित तौर पर अभद्र एवं अनर्गल टिप्पणियां की जाती रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार पूर्व में भी गांव में कई बार पंचायत के माध्यम से उसे समझाइश दी गई, लेकिन कुछ समय बाद पुनः इसी प्रकार की टिप्पणियां किए जाने का आरोप है।ग्रामीणों ने बताया कि श्रावण मास के दौरान गांव के कुछ युवा कांवड़ लेकर गंगाजल के साथ वापस गांव लौट रहे थे। इस दौरान बनाए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था। आरोप है कि उक्त वीडियो पर रामजस की ओर से कथित रूप से आपत्तिजनक कमेंट किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस टिप्पणी से हिन्दू समाज एवं ग्रामवासियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि इससे पूर्व गणेश चतुर्थी के अवसर पर गांव में गणपति विसर्जन से संबंधित वीडियो एवं फोटो पर भी कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है तथा गांव में विरोध की स्थिति उत्पन्न हुई है।प्रार्थना पत्र में कहा गया कि संबंधित सोशल मीडिया कमेंट के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध करवाए गए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों की जांच करवाने, संबंधित पोस्ट एवं कमेंट के साक्ष्यों को संज्ञान में लेने तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।गोरक्षा दल एवं बजरंग दल धौलीपाल सहित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में शांति एवं सामाजिक भाईचारा बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में प्रशासन को समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए।