श्रीराम भवानी भारती विद्यालय में धूमधाम से निकली भव्य तिरंगा यात्रा

राष्ट्रप्रेम के नारों से गूंजा शहर, विद्यार्थियों ने दिया हर घर तिरंगा का संदेश

हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर श्रीराम भवानी भारती माध्यमिक विद्यालय, हनुमानगढ़ की ओर से राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से शूक्रवार सुबह भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। सुबह 8.15 बजे विद्यालय परिसर से शुरू हुई इस यात्रा में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा थामे विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओतप्रोत नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज की आन-बान-शान और सम्मान के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी कतारबद्ध होकर अनुशासन के साथ आगे बढ़े। विद्यार्थियों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् सहित विभिन्न देशभक्ति नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। यात्रा में विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिंटु मिश्रा के साथ समस्त अध्यापक-अध्यापिकाएं, कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने पूरे उत्साह, निष्ठा और अनुशासन के साथ यात्रा में सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों के हाथों में लहराते तिरंगे और उनके उत्साह ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक शिंटु मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, नागरिक कर्तव्य एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की एकता-अखंडता के महत्व से जोड़ने का कार्य होता है। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाध्यापक ने सभी अध्यापकों-अध्यापिकाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सहयोगी गणमान्यजनों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी से राष्ट्रध्वज का सदैव सम्मान करने तथा देशहित में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।