Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ पशु चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटन में देरी पर ग्रामीणों में रोष

पशु चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटन में देरी पर ग्रामीणों में रोष

रणवीर सिंह के नेतृत्व में एडीएम को ज्ञापन, 32 लाख का बजट लैप्स होने की जताई आशंका

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
2 केएनजे के नए वार्ड में स्वीकृत पशु चिकित्सालय के निर्माण के लिए भूमि आवंटन नहीं होने से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। पशु चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटन की मांग को लेकर ग्रामीणों ने रणवीर सिंह के नेतृत्व में अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि जिला कलक्टर द्वारा पूर्व में नगर परिषद आयुक्त को पशु चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद आज दिन तक भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है।ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि 2 केएनजे में पशु चिकित्सालय स्वीकृत होने के बाद इसके निर्माण के लिए पशु चिकित्सा विभाग की ओर से 32 लाख रुपए का बजट भी आवंटित हो चुका है। ऐसे में यदि समय रहते भूमि उपलब्ध नहीं करवाई गई तो निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाएगा और निर्धारित समय सीमा में बजट का उपयोग नहीं होने पर राशि लैप्स होने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे शहर के नए वार्ड को मिलने वाली महत्वपूर्ण सौगात भी हाथ से निकल सकती है।ग्रामीणों ने बताया कि आगामी दिनों में आचार संहिता लगने की संभावना है। ऐसे में आचार संहिता लागू होने से पहले भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी होना आवश्यक है, ताकि पशु चिकित्सालय निर्माण की आगामी कार्रवाई शुरू की जा सके। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग के पास बजट उपलब्ध होने के बावजूद केवल भूमि आवंटन नहीं होने के कारण योजना अटकना दुर्भाग्यपूर्ण है।ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में गांव का पशु चिकित्सालय श्री गौशाला के एक जर्जर कमरे में संचालित हो रहा है। भवन में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण पशुपालकों और पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में पशुपालक हैं, जिनके लिए आधुनिक एवं सुविधायुक्त पशु चिकित्सालय की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही है।ग्रामीणों ने कहा कि जिला कलक्टर के निर्देश के बाद भी नगर परिषद की ओर से भूमि आवंटन नहीं किया जाना गंभीर विषय है। उन्होंने अतिरिक्त जिला कलक्टर से मामले में हस्तक्षेप कर नगर परिषद आयुक्त को तत्काल उपयुक्त भूमि आवंटित करने के निर्देश देने की मांग की, ताकि 32 लाख रुपए के स्वीकृत बजट से निर्माण कार्य शुरू करवाया जा सके और नए वार्ड को मिलने वाली सुविधा का लाभ आमजन को मिल सके।रणवीर सिंह ने कहा कि सरकार ने पशु चिकित्सालय के निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाकर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी है, लेकिन भूमि आवंटन में देरी के कारण पूरी योजना संकट में पड़ सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भूमि आवंटन नहीं किया गया और बजट लैप्स हुआ तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।ज्ञापन सौंपने के दौरान रणवीर सिंह, राजेंद्र सुथार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि आचार संहिता लागू होने से पहले भूमि आवंटन की कार्रवाई पूरी कर निर्माण प्रक्रिया को गति दी जाए।

Advertisement