घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात, 8,250 रूपए और मोबाइल चोरी करने का मामला खुला; चोरी के माल की बरामदगी जारी
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

उदयपुरवाटी । झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
पुलिस थाना उदयपुरवाटी ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और मोबाइल फोन चोरी करने की वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय आरोपी मनीष कुमार पुत्र नानूराम निवासी ढाणी झोपड़ी वाली, तन इन्द्रपुरा, थाना उदयपुरवाटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही एवं कब्जे से चोरी किए गए माल-मशरूका की बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय झुंझुनूं देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी नवलगढ़ सुगन सिंह के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई थानाधिकारी रामपाल मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।
रात में घर में घुसकर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को शीशराम मोटसरा निवासी ओलखा की ढाणी, तन इन्द्रपुरा ने उदयपुरवाटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि रात के समय अज्ञात चोर उसके घर में घुस गए तथा सोने-चांदी के आभूषण, 8,250 रूपए नकद और मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों ने आरोपी तक पहुंचाया
वारदात को गंभीरता से लेते हुए चोरी किए गए माल-मशरूका तथा अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न स्तरों पर जांच करते हुए तकनीकी साक्ष्य जुटाए और उनके आधार पर संदिग्ध की पहचान की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 11 अगस्त 2026 को मनीष कुमार (19) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा उसके कब्जे से प्रकरण में चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी एवं मोबाइल सहित अन्य माल की बरामदगी की कार्रवाई जारी है। पुलिस आरोपी से वारदात के संबंध में आगे भी पूछताछ कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी रामपाल मीणा , उप निरीक्षक संतोष, सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार, कांस्टेबल अमित पायल , महिला कांस्टेबल सरोज तथा कांस्टेबल रामचन्द्र शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा होने के साथ ही चोरी के माल की बरामदगी की उम्मीद भी बढ़ी है।










