तिरंगे के सम्मान में झुंझुनूं की सड़कों पर उमड़ा देशभक्ति का सैलाब

हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली भव्य बाइक तिरंगा यात्रा, हाथों में लहराया राष्ट्रीय ध्वज; युवाओं ने दिया राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को जिला प्रशासन की ओर से झुंझुनूं शहर में भव्य बाइक तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, अधिकारियों-कर्मचारियों और शहरवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर बाइक पर निकले लोगों ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया। नगर परिषद परिसर से शुरू हुई बाइक तिरंगा यात्रा को झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, उपखंड अधिकारी रामकरण सिंह एवं नगर परिषद आयुक्त राकेश रंगा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल बाइक सवार हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे हुए आगे बढ़े। तिरंगे से सजी बाइकों और देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। नगर परिषद परिसर से रवाना हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची। रास्तेभर तिरंगा लहराते बाइक सवार आकर्षण का केंद्र बने रहे। युवाओं में रैली को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। कई स्थानों पर आमजन ने भी तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।यात्रा के दौरान अधिकारियों ने युवाओं और आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, उसके सम्मान और देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी। रैली के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने का संदेश दिया गया।

‘तिरंगा देश के स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक’—राजेंद्र भांबू

इस अवसर पर विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को तिरंगे के इतिहास, उसके महत्व और उसके सम्मान के बारे में जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों और हमारे पूर्वजों ने अपना जीवन समर्पित किया तथा अनेक बलिदान दिए।।उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझे। बाइक तिरंगा यात्रा में नगर परिषद आयुक्त राकेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी ने यात्रा को विशेष रूप से आकर्षक बना दिया। हाथों में तिरंगा और चेहरे पर देशभक्ति का उत्साह लिए बाइक सवारों ने शहरवासियों को राष्ट्र के प्रति समर्पण और गौरव का संदेश दिया। हर हाथ में तिरंगा, हर दिल में देशभक्ति के भाव के साथ निकली इस बाइक तिरंगा यात्रा ने झुंझुनूं शहर में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का माहौल बनाया। यात्रा ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक करने का प्रभावी संदेश दिया।

तनवीर खान ने किया उद्घाटन | Open Night Cricket Tournament

चूरू में ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत बडी कार्रवही : कंटेनर से 961 कार्टन अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार