विधायक-कलक्टर की मौजूदगी में लोकार्पण, दानदाता बिनोद नांगलिया का हुआ सम्मान
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के हृदय स्थल गांधी चौक स्थित ऐतिहासिक गांधी पार्क में शुक्रवार को सेवा, संस्कार और आधुनिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। ‘नांगलियाजी की प्याऊ’ के रूप में विख्यात शीतल जल मंदिर का आधुनिक तकनीक से कायाकल्प कर भव्य उद्घाटन किया गया। यह जल मंदिर स्व. चम्पा देवी नांगलिया की पावन स्मृति में एसआर नांगलिया चैरिटेबल ट्रस्ट, कोलकाता द्वारा पुनर्निर्मित कराया गया है। उद्घाटन समारोह से पूर्व संजू पंडित द्वारा विधिविधान से पूजा-अर्चना करवाई गई। इसके बाद झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भाम्बू एवं जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग सहित अतिथियों ने फीता काटकर और शिलालेख पट्टिका का अनावरण कर इस हाई-टेक प्याऊ को आमजन को समर्पित किया।
6 दशक पुरानी सेवा, अब आधुनिक सुविधाओं से लैस
कार्यक्रम संयोजक श्यामसुंदर अग्रवाल टमकोरिया ने बताया कि यह प्याऊ पिछले 60 वर्षों से राहगीरों को शीतल जल उपलब्ध करवा रही है। वर्ष 1967 में स्व. बल्लभराम नांगलिया द्वारा निर्मित इस स्थल को अब आधुनिक वाटर कूलर, स्वच्छता मानकों और बेहतर संरचना के साथ नया रूप दिया गया है, जिससे गर्मी के मौसम में लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक राजेंद्र भाम्बू और अध्यक्षता कर रहे जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने अपने संबोधन में नांगलिया परिवार के सामाजिक योगदान की सराहना की। उन्होंने गांधी चौक के सौंदर्यकरण और विकास के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। समारोह में श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था द्वारा दानदाता बिनोद कुमार नांगलिया का शॉल ओढ़ाकर, माल्यार्पण कर एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर भव्य सम्मान किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम संयोजक श्यामसुंदर अग्रवाल टमकोरिया का भी अतिथियों द्वारा विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मनोज मील, उमेश जालान, देवीलाल बोचल्या सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी, व्यापारी एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे। अग्रवाल समाज के ट्रस्टीगण, टमकोरिया परिवार के सदस्य एवं शहर के गणमान्य नागरिकों की बड़ी उपस्थिति ने आयोजन को भव्य बना दिया। समारोह में आदर्श बाल निकेतन स्कूल के बच्चों द्वारा आकर्षक बैंड प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। आयोजन समिति की ओर से सभी बच्चों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अंत में बिनोद कुमार नांगलिया ने सभी अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका परिवार शहर के विकास और जनसेवा के कार्यों में आगे भी सदैव तत्पर रहेगा।










