स्वतंत्रता दिवस तैयारियों में नहीं रहे कोई कमी, संपर्क पोर्टल की शिकायतों का करें त्वरित निस्तारण: जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में हर घर तिरंगा, हरयालो राजस्थान अभियान और विकास कार्यों की प्रगति का लिया फीडबैक

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के साथ-साथ आमजन से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान पर जिला प्रशासन ने अपना फोकस तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों, हर घर तिरंगा अभियान, हरयालो राजस्थान अभियान, स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों तथा विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं एवं विभागीय विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रत्येक लंबित परिवाद का नियमानुसार, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिले और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत हो। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डॉ. गर्ग ने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह, गरिमा और अनुशासन के साथ मनाया जा सके। बैठक में हरयालो राजस्थान अभियान के तहत चल रहे पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया। इसके अलावा विभिन्न विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं एवं विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए डॉ. गर्ग ने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, जिससे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर जिला कलेक्टर ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE