सड़क हादसों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ : डीएलएस की बड़ी कार्रवाई

3 स्लीपर बसें और 2 स्कूल बालवाहिनियां सीज, 10 वाहनों पर जुर्माना; सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं : डॉ. महेंद्र के. सिंह सोलंकी

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन व स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ( डीएलएस ) झुंझुनूं ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले 5 वाहनों को सीज कर दिया, जबकि 10 वाहनों पर जुर्माना लगाया। कार्रवाई के दौरान लग्जरी एवं स्लीपर बसों के साथ-साथ स्कूल बालवाहिनियों की भी सघन जांच की गई। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के सदस्य सचिव हरि ओम शर्मा अत्री तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झुंझुनूं के अध्यक्ष सुनील कुमार पंचोली के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश डॉ. महेंद्र के. सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान मोटर वाहन अधिनियम एवं राज्य सरकार की एसओपी के तहत लग्जरी और स्लीपर बसों में सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। नियमों की अवहेलना पाए जाने पर 3 स्लीपर बसों को मौके पर ही सीज कर दिया गया, जबकि 6 अन्य स्लीपर बसों पर जुर्माना लगाया गया। इस दौरान डॉ. महेंद्र के. सिंह सोलंकी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित गति, ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी ही अधिकांश जानलेवा हादसों का प्रमुख कारण बनती है, इसलिए ऐसे मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जब्त की गई बसों के यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें अन्य बसों में सुरक्षित बैठाकर उनके गंतव्य तक रवाना किया गया। साथ ही आमजन से अपील की गई कि बस में यात्रा करने से पहले वाहन की वैधता, फिटनेस और अन्य आवश्यक जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। अभियान के तहत स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बालवाहिनियों की भी गहन जांच की गई। सुरक्षा मानकों पर खरी नहीं उतरने वाली 2 स्कूल बालवाहिनियों को सीज किया गया, जबकि 4 अन्य बालवाहिनियों पर जुर्माना लगाया गया। प्राधिकरण सचिव ने वाहन चालकों एवं स्कूल प्रबंधन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर बच्चों एवं आमजन की जान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी वाहन संचालक को बख्शा नहीं जाएगा। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। निरीक्षण दल में साइबर थाना झुंझुनूं के थानाधिकारी रामखिलाड़ी , परिवहन निरीक्षक सुमित कुमार, परिवहन निरीक्षक रोहिताश कुमार, राजेश कुमार तथा अनिल कुमार शामिल रहे।

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE