अनुश्री फाउंडेशन की पहल पर बीडीके अस्पताल में लगा रक्तदान शिविर, चिकित्सकों, नर्सिंग व पैरामेडिकल कार्मिकों ने पेश की मानव सेवा की मिसाल
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
जिले की हाई रिस्क प्रेग्नेंसी ( एचआरपी ) वाली गर्भवतियों एवं प्रसूताओं को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था अनुश्री फाउंडेशन की पहल पर शुक्रवार को बीडीके अस्पताल के ब्लड बैंक में विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। चिकित्सा विभाग एवं अनुश्री फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में डॉक्टरों, नर्सिंगकर्मियों एवं पैरामेडिकल कार्मिकों ने स्वयं रक्तदान कर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्तदान शिविर का शुभारंभ जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर, नगर परिषद आयुक्त राकेश कुमार तथा बीडीके अस्पताल के पीएमओ डॉ. जितेंद्र भांबू ने किया। कार्यक्रम की शुरूआत में अनुश्री फाउंडेशन की निदेशक डॉ. अनुश्री एवं सर्जन डॉ. अमित कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हाई रिस्क गर्भवतियों एवं प्रसूताओं के उपचार में रक्त की समय पर उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे मरीजों के लिए रक्त की कमी कई बार जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों और मेडिकल कार्मिकों द्वारा स्वयं रक्तदान के लिए आगे आना न केवल मानवीय संवेदनाओं का परिचायक है, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणादायी संदेश है। चिकित्सा विभाग जरूरतमंद मरीजों को यह रक्त निःशुल्क एवं बिना रिप्लेसमेंट उपलब्ध कराएगा, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
शिविर में डॉ. अनुश्री, डॉ. अमित कुमार, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सुनील सैनी, न्यूरो सर्जन डॉ. नरेंद्र खीचड़, आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. पूनम मुहाल, डॉ. दिनेश, डॉ. दीपिका, सुनील बुडानियां, मुकेश सेन, शीशराम पूनियां सहित अनुश्री डायग्नोस्टिक सेंटर के नर्सिंगकर्मियों एवं तकनीकी कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।इस दौरान आरसीएचओ डॉ. दयानंद सिंह, आरएमओ डॉ. सिद्धार्थ शर्मा, डॉ. प्रियंका भास्कर सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं बीडीके ब्लड बैंक के डॉ. राकेश कुमार एवं उनकी तकनीकी टीम ने रक्त संग्रहण की व्यवस्था संभाली। पीएमओ डॉ. जितेंद्र भांबू ने कहा कि डॉक्टरों, नर्सिंगकर्मियों और पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा एचआरपी गर्भवतियों, प्रसूताओं, ट्रॉमा मरीजों तथा अन्य जरूरतमंद महिलाओं के लिए रक्तदान करना पीड़ित मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस पहल से अन्य सामाजिक संस्थाएं और आमजन भी रक्तदान के लिए प्रेरित होंगे। कार्यक्रम के अंत में अनुश्री फाउंडेशन की निदेशक डॉ. अनुश्री एवं डॉ. अमित कुमार ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए संस्था भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियान निरंतर चलाती रहेगी।













