खेतड़ी के चार गांवों को मिली विकास की नई सौगात, 48 लाख से बनेंगे अत्याधुनिक आंगनबाड़ी भवन

विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर के प्रयासों से मिली स्वीकृति, बच्चों और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आधार

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

खेतड़ी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में महिला एवं बाल विकास सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए राज्य सरकार ने चार नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण को मंजूरी दी है। मंडणा, नालपुर द्वितीय, कांकरिया द्वितीय तथा मानोता कला प्रथम आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 12-12 लाख रूपए की लागत से नवीन भवन बनाए जाएंगे। चारों भवनों के निर्माण पर कुल 48 लाख रूपए खर्च किए जाएंगे। विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने बताया कि क्षेत्र के कई आंगनबाड़ी केंद्र वर्षों से अपने भवन के अभाव में संचालित हो रहे थे, जिससे बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को मिलने वाली सेवाओं के संचालन में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा गया, जिसे स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने बताया कि मंडणा, नालपुर द्वितीय, कांकरिया द्वितीय और मानोता कला प्रथम आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नवीन भवनों का निर्माण कराया जाएगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इन भवनों के बनने के बाद बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण मिलेगा, वहीं आंगनबाड़ी गतिविधियों का संचालन भी अधिक व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से हो सकेगा। नए भवनों में पोषण कार्यक्रम, टीकाकरण, प्री-स्कूल शिक्षा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं का संचालन और अधिक सुचारु रूप से किया जा सकेगा। इससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी तरीके से पहुंच सकेगा।सरकार की इस स्वीकृति से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से इन केंद्रों के लिए स्थायी भवनों की मांग की जा रही थी। अब भवन निर्माण होने से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा, बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी तथा गांवों में महिला एवं बाल विकास सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होकर निर्धारित समय में पूरा होगा, जिससे क्षेत्र के हजारों बच्चों एवं महिलाओं को इसका सीधा लाभ मिल सकेगा।