खेतड़ी पुलिस का नशे पर बड़ा वार: 182 ग्राम गांजा जब्त, आरोपी कैलाश गिरफ्तार

विशेष अभियान के तहत जीरो टॉलरेंस कार्रवाई, सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

खेतड़ी।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
झुंझुनूं जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए खेतड़ी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 182 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उससे गांजा खरीद-फरोख्त के नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 20 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा पुलिस उप अधीक्षक राजेन्द्र बुरड़क के सुपरविजन में थानाधिकारी बुद्धवी प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान गढ़ रोड स्थित साईं धाम मंदिर के पास एक व्यक्ति पुलिस को देखकर संदिग्ध अवस्था में छिपने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम कैलाश पुत्र झाबरमल (49), निवासी बरगोड़ी की ढाणी, तन संजयनगर, थाना खेतड़ी बताया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 182 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह गांजा कहां से लाया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थानाधिकारी बुद्धवी प्रसाद, हेड कांस्टेबल महेश कुमार, कांस्टेबल राजवीर सिंह (विशेष भूमिका), कांस्टेबल निवेश कुमार तथा आरटी हेमंत की अहम भूमिका रही।