जंक फूड को कहा अलविदा, अब विद्यार्थियों को मिलेगा स्वाद के साथ संतुलित और पौष्टिक आहार; डे-वाइज, साप्ताहिक व मासिक हेल्दी मेन्यू की शुरूआत
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
मंडावा । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में शेखावाटी पब्लिक स्कूल, हेतमसर ने एक अभिनव पहल करते हुए ‘हरे कृष्ण फूड बाइट्स’ स्कूल कैंटीन का भव्य शुभारंभ किया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह उत्साह, उल्लास और सकारात्मक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कैंटीन का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन संतोष मित्तल के पूज्य पिताश्री लेखूराम महाजन ने विधिवत फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम हॉस्टल डायरेक्टर ज्योति मित्तल के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ‘हरे कृष्ण फूड बाइट्स’ की स्थापना का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित, स्वादिष्ट एवं पूर्णतः हेल्दी भोजन उपलब्ध कराना है। कैंटीन में जंक फूड के स्थान पर पौष्टिक एवं संतुलित खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत हो सके। विद्यार्थियों की आयु एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डे-वाइज, साप्ताहिक एवं मासिक हेल्दी मेन्यू तैयार किया गया है। निर्धारित मेन्यू के अनुसार प्रतिदिन ताजा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे बच्चों को स्वाद के साथ संतुलित पोषण भी प्राप्त होगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की मैनेजिंग डायरेक्टर निर्मला देवी ने सभी विद्यार्थियों को टॉफियां वितरित कर उनके उत्साह को बढ़ाया। वहीं विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्यों का गुलाब जामुन खिलाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। नई हेल्दी कैंटीन के शुभारंभ से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। बच्चों ने इस नई सुविधा का स्वागत करते हुए कहा कि अब उन्हें विद्यालय में ही स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध हो सकेगा।इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन संतोष मित्तल ने कहा कि “शिक्षा के साथ अच्छा स्वास्थ्य भी उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। हमारा लक्ष्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली और पौष्टिक भोजन की आदत विकसित करना भी है। ‘ ‘हरे कृष्ण फूड बाइट्स’ ‘इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ‘ विद्यालय की इस पहल को अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सराहनीय बताते हुए इसे “स्वस्थ विद्यालय–स्वस्थ विद्यार्थी ” अभियान की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास बताया।










