Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं प्रशिक्षण की तामील से इनकार पड़ा भारी , वरिष्ठ अध्यापक विजेन्द्र सिंह...

प्रशिक्षण की तामील से इनकार पड़ा भारी , वरिष्ठ अध्यापक विजेन्द्र सिंह निलंबित

पंचायती राज चुनाव 2026 के प्रशिक्षण आदेश की तामील से इनकार के मामले में निलंबित वरिष्ठ अध्यापक विजेन्द्र सिंह से संबंधित समाचार

पंचायती राज चुनाव 2026 में निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण के आदेश की अवहेलना पर जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग की कार्रवाई , खेतड़ी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय रहेगा मुख्यालय

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पंचायती राज आम चुनाव 2026 के दौरान निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण की तामील लेने से इनकार करना एक वरिष्ठ अध्यापक को भारी पड़ गया। जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने आदेशों की अवहेलना के मामले में राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, देवगांव, तहसील नवलगढ़ में कार्यरत वरिष्ठ अध्यापक विजेन्द्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

इस कार्रवाई से निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों को स्पष्ट संदेश गया है। जिला कलेक्टर की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के मद्देनजर संबंधित कार्मिक को द्वितीय प्रशिक्षण में शामिल होना था।

इसके लिए जारी प्रशिक्षण संबंधी सूचना की तामील लेने से इनकार करने पर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। आदेश में राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 16 के तहत कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ अध्यापक विजेन्द्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, खेतड़ी निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें निर्वाह भत्ता देय होगा।

पंचायती राज चुनाव के दौरान निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण और निर्धारित दायित्वों का निर्वहन चुनाव प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में प्रशिक्षण संबंधी आदेश की तामील से इनकार करने के मामले में की गई यह कार्रवाई प्रशासन की सख्ती को दर्शाती है।

Advertisement