Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं हमीरवास में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, लाखों का सामान हुआ...

हमीरवास में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, लाखों का सामान हुआ जलकर राख

तीन कमरे, रसोई व स्नानघर आग की चपेट में; खेतड़ी से पहुंची दमकल ने पाया आग पर काबू, सिंघाना में दमकल नहीं होने पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

सिंघाना । झुंझुनूं । अजीत जांगिढ़
सिंघाना थाना क्षेत्र की थली ग्राम पंचायत के हमीरवास गांव में सोमवार देर शाम को शॉर्ट सर्किट से एक मकान में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और तीन कमरे, रसोईघर तथा स्नानघर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घर में रखा लाखों रूपये का घरेलू सामान और बिजली के उपकरण जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार हमीरवास निवासी कृष्ण ठेकेदार के मकान में शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक तेज धमाका हुआ। इसके बाद पहली मंजिल पर बने कमरे से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग तेजी से पूरे हिस्से में फैल गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। सूचना मिलने पर खेतड़ी नगरपालिका से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने संयुक्त प्रयास से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक मकान में रखा घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े तथा बिजली के उपकरण जलकर राख हो चुके थे। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

सिंघाना में दमकल नहीं होने से बढ़ रहा नुकसान

घटना के बाद ग्रामीणों ने सिंघाना क्षेत्र में दमकल सुविधा के अभाव पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि हर आगजनी की घटना में खेतड़ी से दमकल बुलानी पड़ती है, जिससे वाहन के पहुंचने तक आग विकराल रूप ले लेती है और भारी नुकसान हो जाता है। ग्रामीणों ने कहा कि सिंघाना नगरपालिका होने के बावजूद यहां दमकल वाहन उपलब्ध नहीं है, जिससे आमजन को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि सिंघाना में स्थायी रूप से दमकल वाहन की व्यवस्था की जाए, ताकि आगजनी जैसी आपात घटनाओं में समय पर राहत पहुंच सके और जन-धन के नुकसान को रोका जा सके।

यह भी पढ़े :— सघन हैल्थ स्क्रीनिंग अभियान : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर 6208 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच 

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चंदेल नगर में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान | जलदाय विभाग को आंदोलन की चेतावनी | Churu News

 

Advertisement