Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं कल जय पहाड़ी में होगा विशाल बहुजन एकता सम्मेलन, अंबेडकर भवन में...

कल जय पहाड़ी में होगा विशाल बहुजन एकता सम्मेलन, अंबेडकर भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
ग्राम जयपहाड़ी स्थित दरगाह एवं बुद्ध विहार के पास 18 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले विशाल बहुजन एकता सम्मेलन को लेकर गुरुवार को अंबेडकर भवन, झुंझुनूं में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सम्मेलन की तैयारियों, उद्देश्य एवं कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई। कार्यक्रम संयोजक विकास आल्हा ने बताया कि झुंझुनूं जिले के सभी बहुजन समाज से जुड़े सामाजिक संगठनों को एक मंच पर संगठित कर सामाजिक न्याय, संविधान की सुरक्षा, सामाजिक एकता, शिक्षा, रोजगार, किसान एवं मजदूरों के अधिकार, युवाओं के भविष्य, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सम्मान तथा बहुजन समाज के संवैधानिक एवं सामाजिक अधिकारों को मजबूत करने के उद्देश्य से इस ऐतिहासिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यूनुस अली भाटी ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को जाति, धर्म और राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर संविधान की भावना के अनुरूप एकजुट होने की आवश्यकता है। यह सम्मेलन सामाजिक भाईचारे, समानता, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा। रामानंद आर्य ने बताया कि सम्मेलन को लेकर जिलेभर के गांवों और कस्बों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया है। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं प्रबुद्ध संगठनों का सम्मेलन को भरपूर समर्थन मिल रहा है तथा सम्मेलन में हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से झुंझुनूं जिले सहित प्रदेशभर के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं मुस्लिम समाज सहित सभी बहुजन समाज के लोगों से अपील की गई कि वे 18 जुलाई को अपने परिवार, मित्रों एवं साथियों के साथ जय पहाड़ी पहुंचकर सम्मेलन को ऐतिहासिक सफलता प्रदान करें। इस अवसर पर विकास आल्हा, मनीराम देवरोड़, यूनुस अली भाटी, इमरान बड़गुर्जर, रामानंद आर्य, महेंद्र सिंह चारावास, कमलेश काला एवं अभिषेक सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Advertisement