रामनारायण केडिया सिद्धिविनायक मंदिर में मूर्ति स्थापना के आठवें दिन भव्य आयोजन , हैदराबाद से आए रोहित केडिया ने किया बालाजी भजन मंडली की महिलाओं का सम्मान
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
ग्राम बिंजुसर स्थित रामनारायण केडिया सिद्धिविनायक मंदिर में दुर्गा माता की मूर्ति स्थापना के आठवें दिन भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता महेश बसावतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में हैदराबाद से रतन केडिया के पुत्र रोहित केडिया ने शिरकत की तथा बालाजी भजन मंडली की महिला सदस्यों का सम्मान किया। इस दौरान नारी सम्मान का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का स्थान सदैव सर्वोपरि रहा है।
माता की पूजा तभी सार्थक, जब नारी का सम्मान हो
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोहित केडिया ने कहा कि भारत की संस्कृति नारी को केंद्र में रखकर ही विकसित हुई है। इसलिए माता की पूजा-अर्चना तभी सार्थक है, जब हम अपने जीवन में नारियों का सम्मान करें। उन्होंने नारी सम्मान को भारतीय संस्कृति की मूल भावना बताते हुए सभी से इसे अपने व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान बालाजी भजन मंडली ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। मंदिर परिसर माता के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। आयोजन में पहुंचे अतिथियों को प्रसाद एवं भोग वितरित किया गया, वहीं कन्याओं को भोजन करवाकर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया गया। इस अवसर पर अरूण केडिया स्कूल के छात्र-छात्राएं, अध्यापकगण तथा ग्राम के विशिष्टजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. विद्या पुरोहित, लक्ष्मीकांत, गोपाल पूनिया, रविंद्र सिंह, अनिता सिंह, कार्तिक, अनन्य, कंचन, दीपमाला, कृष्णकांत, उर्मिला शर्मा और प्रभा कुमारी सहित अनेक लोग शामिल हुए।कार्यक्रम का संचालन रोहित शर्मा ने किया। धार्मिक आयोजन ने ग्रामीणों को भक्ति और आस्था से जोड़ने के साथ नारी सम्मान, सामाजिक सद्भाव और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया।












