विश्व जनसंख्या दिवस पर खेतड़ी का परचम: जिले में प्रथम बनी पंचायत समिति, मिलेगी 2 लाख की प्रोत्साहन राशि

सीएचसी मेहाड़ा और ग्राम पंचायत सिहोड भी सम्मानित, जनसंख्या स्थिरीकरण व परिवार कल्याण कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन का मिला पुरस्कार

खेतड़ी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय सम्मान समारोह में खेतड़ी पंचायत समिति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे झुंझुनूं जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पंचायत समिति को 2 लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वहीं उत्कृष्ट कार्य के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मेहाड़ा तथा ग्राम पंचायत सिहोड को भी 50-50 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान परिवार कल्याण, जनसंख्या स्थिरीकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनजागरूकता अभियानों तथा स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दिया गया। खेतड़ी पंचायत समिति की इस उपलब्धि से पूरे उपखंड में खुशी का माहौल है और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। जिला स्तरीय सम्मान समारोह में जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने खेतड़ी पंचायत समिति की प्रधान मनीषा गुर्जर, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश यादव, सीएचसी मेहाड़ा प्रभारी डॉ. संजय भारद्वाज, ग्राम पंचायत सिहोड के सरपंच मुकेश कुमार, डॉ. पंकज यादव तथा उप जिला अस्पताल खेतड़ी के नर्सिंग ऑफिसर अनिल कुमार को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद सभी सम्मानित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस सफलता का श्रेय स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम, पंचायत प्रतिनिधियों, आशा सहयोगिनियों, एएनएम तथा क्षेत्र की जागरूक जनता को दिया। उन्होंने कहा कि जनसंख्या स्थिरीकरण, परिवार नियोजन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी ने टीम भावना के साथ कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप खेतड़ी पंचायत समिति जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफल रही। सम्मान समारोह के बाद खेतड़ी क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने एक-दूसरे को बधाई दी। क्षेत्रवासियों ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी स्वास्थ्य एवं जनकल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से खेतड़ी न केवल जिले बल्कि प्रदेश स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान कायम रखेगा।