खेतड़ी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
क्षेत्र में लगातार बदल रहे मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। तापमान में उतार-चढ़ाव और रूक – रूक कर हो रही बारिश के चलते मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार और वायरल संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। इसका असर उप जिला अस्पताल खेतड़ी की ओपीडी में भी देखने को मिला, जहां करीब 700 मरीजों ने उपचार कराया। इनमें सबसे अधिक मरीज खांसी, जुकाम, गले में संक्रमण, बुखार और वायरल संक्रमण से पीड़ित रहे। सुबह से ही अस्पताल के पर्ची काउंटर और चिकित्सकों के कक्षों के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। बड़ी संख्या में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे। बढ़ती मरीज संख्या के बावजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने सभी मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं तथा बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जसविंदर चौधरी ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव होने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ जाती है, जिससे वायरल संक्रमण, सर्दी-जुकाम और बुखार जैसी बीमारियां तेजी से फैलती हैं। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ताजा एवं पौष्टिक भोजन करने तथा बासी और खुले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार बुखार, तेज खांसी, सांस लेने में तकलीफ या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों का अधिक ध्यान रखने की आवश्यकता है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मौसमी बीमारियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। आमजन से अपील की गई है कि बदलते मौसम में लापरवाही न बरतें, संतुलित खान-पान अपनाएं, साफ-सफाई का ध्यान रखें और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या होने पर समय पर अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं।
बदलते मौसम का असर: खेतड़ी अस्पताल की ओपीडी में उमड़ी मरीजों की भीड़, एक दिन में 700 पहुंचे उपचार कराने
Advertisement












