पीछा कर मारपीट व लूट करने वाला 5 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

मण्डावा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फरार चल रहे इस्माईल उर्फ इस्लाम को दबोचा, वारदात में प्रयुक्त नेटवर्क की भी पड़ताल तेज

मण्डावा।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
मण्डावा थाना पुलिस ने मारपीट एवं लूट के एक चर्चित मामले में फरार चल रहे 5 हजार रूपये के इनामी आरोपी इस्माईल उर्फ इस्लाम को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य आरोपियों तथा लूटे गए सामान की बरामदगी को लेकर अनुसंधान कर रही है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी झुंझुनूं ग्रामीण हरीसिंह धायल के सुपरविजन में थाना मण्डावा के थानाधिकारी रामनारायण चोयल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार परिवादी ने 20 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 जून की रात वह अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। आरोप है कि अभिषेक पुत्र बनवारीलाल जाट निवासी मेहरादासी, बिजु पुत्र बनवारीलाल तथा इस्माईल उर्फ इस्लाम निवासी शेखसर सहित दो-तीन अन्य लोगों ने उसकी मोटरसाइकिल का पीछा किया। मेहरादासी स्टैंड से करीब 200 मीटर आगे आरोपियों ने सफेद स्विफ्ट डिजायर कार और बिना नंबर की मोटरसाइकिल लगाकर उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने लाठियों और सरियों से हमला कर मारपीट की तथा उसकी जेब में रखे 15 हजार रूपये नकद, आवश्यक दस्तावेज और गले में पहनी चांदी की मूर्ति लूटकर फरार हो गए। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना मण्डावा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर लगातार दबिश दी। अभियान के दौरान वारदात में फरार चल रहे 5 हजार रूपये के इनामी आरोपी इस्माईल उर्फ इस्लाम पुत्र शौकत अली निवासी शेखसर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है तथा मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इस्माईल उर्फ इस्लाम के खिलाफ पूर्व में भी पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें सड़क दुर्घटना, लापरवाही से वाहन चलाने, मारपीट, रास्ता रोकने तथा चोरी से संबंधित धाराओं के मामले शामिल हैं। इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम में थानाधिकारी रामनारायण चोयल, सहायक उपनिरीक्षक अम्मीलाल, हेड कांस्टेबल अनिता, कांस्टेबल पपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल राजेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।