राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में चूरू की विधि शर्मा का शानदार प्रदर्शन

दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर बढ़ाया जिले का गौरव, राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाजों के बीच दिखाई प्रतिभा

चूरू। जयपुर के जगतपुरा स्थित ओसेस शूटिंग रेंज में आयोजित 24वीं राजस्थान राज्य राइफल एवं पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में चूरू की प्रतिभावान निशानेबाज विधि शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। विधि ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।14 से 29 जून 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के निशानेबाजों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर एयर पिस्टल एवं राइफल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया।जयपुर रोड़ स्थित किसान घाट के पास निवासी विधि शर्मा ने 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता के उप युवा महिला वर्ग और युवा महिला वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा सभी आयु वर्ग महिला श्रेणी में रजत पदक जीतकर चूरू जिले का मान बढ़ाया।विधि शर्मा वर्तमान में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, चूरू में कक्षा 11वीं की छात्रा हैं। उनके पिता देवेंद्र कुमार शर्मा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की चूरू शाखा में कार्यरत हैं, जबकि दादाजी सत्यनारायण शर्मा सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हैं। परिवार का कहना है कि दादाजी ने हमेशा विधि को आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया है।विधि की इस उपलब्धि पर परिवार, शिक्षकों, खेल प्रेमियों और शहरवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

विधि शर्मा की उपलब्धियां

  • 10 मीटर एयर पिस्टल उप युवा महिला वर्ग – स्वर्ण पदक
  • 10 मीटर एयर पिस्टल युवा महिला वर्ग – स्वर्ण पदक
  • सभी आयु महिला वर्ग – रजत पदक