एस.एस. मोदी विद्या विहार में व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व क्षमता पर प्रेरक सेमिनार, विद्यार्थियों से किया संवाद
झुंझुनूं। शहर के गौरव पथ स्थित एस.एस. मोदी विद्या विहार में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रेरणादायी सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता कक्षा 9 की छात्रा, युवा लेखिका एवं मोटिवेशनल स्पीकर श्रेया टिबरेवाल रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय उन्हें अवसर मानकर आगे बढ़ना चाहिए। आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और सही निर्णय ही सफलता की असली पहचान हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल एवं प्राचार्य विजय मसीह ने मुख्य वक्ता का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर अनिल शर्मा ने श्रेया का परिचय देते हुए बताया कि वह एक प्रेरक पुस्तक की लेखिका हैं, जिसमें देश के सफल उद्यमियों एवं प्रेरक व्यक्तित्वों के 17 जीवन प्रसंगों को शामिल किया गया है। उनकी पुस्तक को प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर शिव खेड़ा तथा वरिष्ठ पत्रकार-उद्योगपति विजय दर्डा सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों की सराहना प्राप्त हो चुकी है। करीब 45 मिनट तक चले संवादात्मक सत्र में श्रेया ने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास, बड़े लक्ष्य तय करने, सकारात्मक सोच और संघर्ष के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियां ही व्यक्ति को मजबूत बनाती हैं और सफलता की नींव तैयार करती हैं। हनुमान जी और जामवंत के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में माता-पिता, गुरू और शिक्षक ऐसे मार्गदर्शक होते हैं, जो उसकी छिपी हुई क्षमता का एहसास कराते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी ताकत पहचानकर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। संघर्ष और सफलता का उदाहरण देते हुए उन्होंने अमिताभ बच्चन के जीवन का उल्लेख भी किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका श्रेया ने सरल और प्रेरक उत्तर दिए। उनकी माता ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि इरादे मजबूत हों तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने विद्यार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्राचार्य विजय मसीह ने नियमित अध्ययन, समय के सदुपयोग और सकारात्मक दृष्टिकोण को सफलता का आधार बताते हुए मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से श्रेया टिबरेवाल को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि ऐसे प्रेरक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गीलूराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी एवं कनिका मोदी ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं।











