झुंझुनूं। निर्माणाधीन तेजाजी मंदिर के लिए जनसहयोग लगातार बढ़ रहा है। इसी क्रम में आबूसर निवासी तेजा भक्त एवं भामाशाह ब्रिजेन्द्र सिंह आबूसरिया ने मंदिर निर्माण के लिए 2 लाख 51 हजार रूपये का नगद सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय जाट महासंघ के पदाधिकारियों ने उनका साफा, शॉल और फूलमाला पहनाकर सम्मान किया। सम्मान समारोह राष्ट्रीय जाट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र क्यामसरिया की उपस्थिति में आयोजित हुआ। इस दौरान शहर ब्लॉक अध्यक्ष सूबेदार विजय सिंह बेनीवाल, मंडावा ब्लॉक अध्यक्ष सूबेदार रामवतार लोयल, ब्लॉक महासचिव सुरेश कुमार, ब्लॉक सचिव पोकरमल तथा युवा तेजा सेना के ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप कुमार महला सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद लोयल और ब्लॉक प्रभारी सुभाष चन्द्र पूनियां ने भामाशाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से मंदिर निर्माण कार्य को नई गति मिल रही है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र क्यामसरिया ने बताया कि जनसहयोग से क्यामसर में लोकदेवता तेजाजी महाराज का 165 फीट ऊंचा भव्य मंदिर बनाया जा रहा है, जिसे देश का सबसे ऊंचा तेजाजी मंदिर बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में समाज के लोगों का तन, मन और धन से निरंतर सहयोग मिल रहा है।











