अनारक्षित वर्ग के हितों से जुड़े मुद्दे पर सरकार तक बुलंद होगी आवाज, पूर्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह राठौड़ करेंगे संबोधित
झुंझुनूं I आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग ( ईडब्ल्यूएस ) आरक्षण में लागू भूमि एवं भवन संबंधी पात्रता शर्तों को समाप्त करने की मांग को लेकर रविवार को झुंझुनूं में जनसभा आयोजित होगी। ईडब्ल्यूएस जन जागृति मंच के तत्वावधान में यह जनसभा सुबह 10 बजे रोड नंबर-1 स्थित शार्दुल छात्रावास में होगी, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों की भागीदारी रहने की संभावना है। मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में ईडब्ल्यूएस आरक्षण के लिए भूमि एवं भवन से जुड़ी कठोर पात्रता शर्तों के कारण अनेक वास्तविक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार आरक्षण के लाभ से वंचित रह जाते हैं। जनसभा का उद्देश्य इन शर्तों को हटाने अथवा सरल एवं न्यायसंगत बनाने की मांग को संगठित रूप से सरकार तक पहुंचाना तथा इस विषय पर व्यापक जनजागरण करना है। मंच के अनुसार ईडब्ल्यूएस वर्ग में ब्राह्मण, वैश्य, राजपूत, कायस्थ, सिंधी, पंजाबी, शेख, सैयद, पठान, मुग़ल, कायमखानी सहित सम्पूर्ण अनारक्षित वर्ग शामिल है। ऐसे में यह किसी एक समाज, संगठन या राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि पूरे अनारक्षित वर्ग और उसकी भावी पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।मंच ने दावा किया कि पूर्व में आयोजित सभाओं में विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी इस मांग का समर्थन किया है। साथ ही, सांसद राव राजेंद्र सिंह इस विषय को प्राइवेट मेंबर बिल के माध्यम से संसद में भी उठा चुके हैं, जिससे इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। जनसभा को मंच के संयोजक एवं राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह राठौड़ सहित कई प्रबुद्ध वक्ता संबोधित करेंगे। इस दौरान ईडब्ल्यूएस आरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं, वर्तमान चुनौतियों और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। जन जागृति मंच ने समाज के प्रबुद्धजनों, युवाओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न राजनीतिक एवं गैर-राजनीतिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में जनसभा में शामिल होकर इस जनहित अभियान को मजबूत बनाने की अपील की है।










