छत के रास्ते घर में घुसा बदमाश, नशीला पदार्थ सुंघाने का आरोप; मोहल्लेवासियों ने संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के नागरपुरा मोहल्ले में शनिवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई। एक अज्ञात युवक पर घर में घुसकर महिला को कथित रूप से नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश करने तथा उसके गले से सोने की चेन और नकदी लूटकर फरार होने का आरोप है। घटना के बाद सतर्क मोहल्लेवासियों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार कारूंडिया रोड स्थित नागरपुरा मोहल्ले में रहने वाली दीपाली शुक्ला शनिवार दोपहर अपने मकान की छत पर बने कमरे में साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान एक युवक छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघाया, जिससे वह बेहोश हो गईं। आरोप है कि इसके बाद बदमाश उनके गले से सोने की चेन और घर में रखी कुछ नकदी लेकर फरार हो गया।कुछ देर बाद होश आने पर दीपाली नीचे पहुंचीं और अपनी सास उषा को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से एक युवक इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता दिखाई दे रहा था और घरों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। इसी आधार पर लोगों ने शाह मार्केट के पीछे रहने वाले एक युवक पर संदेह जताया। पूछताछ के बाद उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।घटना के बाद दीपाली शुक्ला की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों के अनुसार वह बार-बार बेहोश हो रही हैं, जिससे उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाए जाने की आशंका है। हालांकि इसकी पुष्टि चिकित्सकीय जांच और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्ध युवक से पूछताछ कर रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने नागरपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की है।












