“दो बूंद जिंदगी की” का संदेश लेकर निकाली जागरूकता रैली, आज जिलेभर में शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन और जनजागरूकता के उद्देश्य से शनिवार को झुंझुनूं में नर्सिंग प्रशिक्षु छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर आमजन को पोलियो उन्मूलन का संदेश दिया। शहीद पार्क से रवाना हुई रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान छात्राओं ने “दो बूंद जिंदगी की” का संदेश देते हुए लोगों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। इस अवसर पर डॉ. दयानंद सिंह, एएनएमटीसी प्रिंसिपल संतोष सैनी, डीपीओ सियाराम पूनिया तथा डीपीसी डॉ. महेश कड़वासरा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि रविवार, 28 जून को प्रातः 9 बजे पुलिस लाइन के सामने स्थित झुग्गी बस्ती में बनाए गए पोलियो बूथ पर जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले में पांच वर्ष तक की आयु के करीब 1 लाख 66 हजार बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए सभी बूथों एवं स्वास्थ्य टीमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर ‘दो बूंद जिंदगी की’ अवश्य पिलाएं, ताकि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की सुरक्षा से वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को बनाए रखने में प्रत्येक अभिभावक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। अभियान की सफलता जनसहयोग से ही संभव है, इसलिए सभी नागरिक इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं।