खेतड़ी I खेतड़ी उपखंड के बबाई स्थित अशोक नगर तिबारा को राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) द्वारा प्रार्थना बस स्टैंड के रूप में स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। इस उपलब्धि पर शनिवार को ग्रामीणों ने बबाई बाईपास पर एकत्र होकर मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया और वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर एक-दूसरे को बधाई दी। जानकारी के अनुसार, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम मुख्यालय जयपुर के कार्यकारी निदेशक (यातायात) विनोद पुरोहित ने आदेश जारी कर खेतड़ी-नीमकाथाना मार्ग पर स्थित बबाई के अशोक नगर तिबारा को निगम की संचालित बसों के लिए प्रार्थना बस स्टैंड घोषित किया है। इस निर्णय से क्षेत्र के लोगों को रोडवेज बसों की सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा और यात्रियों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी।इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रामावतार सैनी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटी और निर्णय का स्वागत किया। ग्रामीणों ने कहा कि अशोक नगर तिबारा पर बस स्टैंड की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब स्वीकृति मिलने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, महिलाओं, बुजुर्गों और आसपास के गांवों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा सड़क पर बसों के रूकने से क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। सभी ने राज्य सरकार और रोडवेज प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही इस बस स्टैंड पर नियमित रूप से रोडवेज बसों का ठहराव शुरू होगा, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक उपाध्यक्ष हजारीलाल सैनी, राकेश सैनी, बजरंग लाल सैनी, बालचंद सैनी, घीसाराम, बलवीर सिंह, रूपचंद ताखर, मदनलाल, नानूराम, जयसिंह, भंवरलाल, सचिन कुमार, अमित कुमार, बलाराम, शीशराम, बंशीधर, अनिल कुमार, बिल्लू ताखर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।










