रिश्तेदारी में गया परिवार, पीछे से सूना घर खंगाल गए चोर

सिंघाना में छत के गेट का ताला तोड़कर नकदी व चांदी का नोट चोरी, लॉकर तोड़ने का भी किया प्रयास

सिंघाना। कस्बे के वार्ड संख्या 12 में शनिवार रात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए छत के गेट का ताला तोड़कर घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर में रखी नकदी और चांदी का नोट लेकर फरार हो गए, जबकि अलमारी के लॉकर को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसमें सफल नहीं हो सके। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 12 निवासी कमलेश महाजन पुत्र कैलाश महाजन रिश्तेदारी में पचेरी स्थित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार सहित घर का मुख्य गेट बंद कर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से घर में घुसे और छत के गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। बदमाशों ने अलमारी का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया और उसमें रखे 5 हजार रुपये नकद तथा करीब 2 हजार रुपये मूल्य का चांदी का नोट चोरी कर ले गए। चोरों ने अलमारी में बने लॉकर को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ित कमलेश महाजन ने बताया कि लॉकर की चाबी उनकी बहन के पास है। बहन के आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लॉकर में रखा अन्य सामान सुरक्षित है या नहीं। घटना की सूचना मिलते ही एएसआई विकास लांबा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ घर में घुसकर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।