खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी के खंड मुख्य चिकित्सा कार्यालय में आगामी प्लस पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बीसीएमओ डॉ. हरीश यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों को अभियान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । बैठक में बीसीएमओ डॉ. हरीश यादव ने बताया कि खेतड़ी ब्लॉक में 28 जून से शुरू होने वाले तीन दिवसीय प्लस पोलियो अभियान के तहत पांच वर्ष तक के कुल 26,857 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। अभियान के सफल संचालन हेतु 404 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें कुल 857 कर्मचारी अपनी सेवाएं देंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में 202 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां अभियान के प्रथम दिन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाने के लिए विशेष टीमें कार्य करेंगी। अभियान के दौरान एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष निगरानी व्यवस्था भी की गई है। बीसीएमओ ने बैठक में उपस्थित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अभियान को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित करें। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक का सहयोग आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों, ढाणियों एवं प्रवासी परिवारों के बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अभियान की माइक्रोप्लानिंग, बूथ व्यवस्था, वैक्सीन उपलब्धता तथा निगरानी संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाएं। इस दौरान बैठक में आरआरटी प्रभारी डॉ. महेंद्र सैनी, डॉ. नरेश सोलंकी, डॉ. रूपेश, डॉ. चंद्रशेखर, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. सुभाष मीणा, डॉ. जसविंदर चौधरी, प्रदीप कुमार, रजत शर्मा सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहें ।
खेतड़ी में प्लस पोलियो अभियान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, 26,857 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा
Advertisement













