खेतड़ी I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी क्षेत्र में मंगलवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ हुई जबरदस्त बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश का दौर करीब आधे घंटे तक जारी रहा, जिससे क्षेत्र की सड़कों पर पानी भर गया और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश के कारण खेतड़ी कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों की मुख्य सड़कें जलमग्न हो गईं। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मोहल्लों में घरों के बाहर पानी जमा हो गया, जिससे स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतें हुईं। बाजार क्षेत्र में भी पानी भरने से दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी झेलनी पड़ी। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। बारिश के दौरान लोग सुरक्षित स्थानों पर शरण लेते नजर आए। वहीं खेतों में खड़ी फसलों के लिए यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है। किसानों ने बारिश को खरीफ फसलों के लिए शुभ संकेत बताया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली और मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए।












