चूरू। पूर्व सांसद व विधायक स्व. मोहर सिंह राठौड़ (लाखाऊ) की 41वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को स्थानीय चूरू बालिका महाविद्यालय में उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गये। इस अवसर पर प्रबंध समिति के सचिव भागीरथ शर्मा, प्रबंध समिति सदस्य राजेश मण्डावेवाला, विमल सिंह राठौड़, संजय बजाज, सुदिप्त सिंह राठौड़, नरेन्द्र सिंह राठौड़ व मानवेन्द्र सिंह राठौड़ सहित महाविद्यालय स्टाफ सदस्यों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किये। इस अवसर पर सचिव भागीरथ शर्मा ने उनके कृतित्व व व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शो को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे समाज सेवी महापुरूष हम सबके लिये प्रेरणा स्त्रोत है। इसी क्रम में शहर के रामनगर तिराहा स्थित प्रतिमा स्थल व राजपूत छात्रावास में भी एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान शहर के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों व युवाओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि मोहर सिंह राठौड़ ने जनसेवा, महिला शिक्षा, सामाजिक समरसता व क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। कार्यक्रम में विमल सिंह राठौड़, प्रदीप सिंह, आलोक सिंह, संजय बजाज सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित थे।










