Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं उदयपुरवाटी में राजस्व विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई

उदयपुरवाटी में राजस्व विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई

जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त; मौके से आरोपी गिरफ्तार

उदयपुरवाटी। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
सरकारी भूमि पर अवैध खनन के खिलाफ उदयपुरवाटी प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफिया पर शिकंजा कस दिया। कृष्ण नगर छापोली क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन पर राजस्व विभाग की टीम ने अचानक दबिश देकर एक जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली, जबकि मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया। तहसीलदार जेआर कूड़ी ने बताया कि ग्रामीणों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कृष्ण नगर छापोली स्थित सरकारी भूमि पर अवैध रूप से चिनाई पत्थर निकाला जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर छापा मारा गया।कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि सरकारी जमीन पर जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से बड़े स्तर पर अवैध खनन किया जा रहा था। मौके पर मौजूद छापोली निवासी हरि किशन पुत्र छोटूराम यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से खनन कार्य रुकवाते हुए मशीनरी जब्त कर ली। जब्त की गई जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली को उदयपुरवाटी पुलिस थाने में खड़ा करवाया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में नायब तहसीलदार सुरेंद्र कूड़ी, गिरदावर भागीरथ खाखील, पटवारी कजोड़मल, उमेद सिंह तथा चालक बाबूलाल सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। राजस्व विभाग की इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ बड़ी चेतावनी माना जा रहा है। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि सरकारी भूमि पर कब्जा और अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement