मुखबिर की सूचना पर दबिश, नशा बेचने की फिराक में बैठा था आरोपी
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 93 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा शहर वृत्ताधिकारी गोपाल सिंह ढ़ाका के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार मील के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 18 जून को थानाधिकारी श्रवण कुमार मील को मुखबिर से सूचना मिली कि बाईपास रोड स्थित सिगड़ी होटल के पास एक युवक अवैध मादक पदार्थ लेकर बैठा है और उसे बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक की घेराबंदी कर तलाशी ली।तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 93 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी जैकी पुत्र महेन्द्र सिंह (22 वर्ष) निवासी वारिसपुरा, गोगामेड़ी के पास, थाना सदर झुंझुनूं को गिरफ्तार कर लिया। बरामद गांजे को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि वह गांजा कहां से लाया था और किन लोगों को इसकी सप्लाई करने वाला था। मामले में गहन अनुसंधान जारी है। कार्रवाई करने वाली टीम में श्रवण कुमार मील, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, कोतवाली थाना झुंझुनूं , चेनाराम, कांस्टेबल , पुरूषोत्तम, योगेन्द्र सिंह, प्रदीप कुमार, महेन्द्र कांस्टेबल शामिल रहें । पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













