साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश, सेवा शिविरों की प्रगति भी परखी
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, नीट परीक्षा, संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों तथा जिले में संचालित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिला कलेक्टर ने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेते हुए सभी विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। नीट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डॉ. गर्ग ने परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों एवं परिवेदनाओं का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने तथा विभागवार समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को शिविरों में प्राप्त प्रकरणों का मौके पर ही समाधान करने और अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। डॉ. गर्ग ने कहा कि सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभरे हैं। इन शिविरों के जरिए प्रशासन लोगों के द्वार तक पहुंचकर योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने सभी विभागों से समन्वित रूप से कार्य करते हुए शिविरों को सफल बनाने का आह्वान किया।बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।










