जरूरतमंदों के लिए आगे आए स्वैच्छिक दानदाता – डॉ. जितेंद्र भाम्बू

रक्तदान से जीवनदान का संदेश: विश्व रक्तदाता दिवस पर बीडीके अस्पताल में 13 यूनिट रक्तदान , रक्तवीरों का सम्मान हुआ 

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिले के सबसे बड़े राजकीय बीडीके अस्पताल में रविवार को स्वैच्छिक रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 13 यूनिट रक्तदान किया। इस अवसर पर अस्पताल प्रशासन की ओर से रक्तदाताओं का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ पीएमओ एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। समाज में रक्तदान के प्रति बढ़ती जागरूकता सुखद संकेत है और इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है।ब्लड सेंटर प्रभारी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 13 यूनिट स्वैच्छिक रक्त संग्रहित किया गया। उन्होंने बताया कि बीडीके अस्पताल के ब्लड सेंटर में पूर्ण रक्त, प्लाज्मा एवं प्लेटलेट्स सहित रक्त के सभी प्रमुख घटकों की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहती है। अस्पताल में प्रतिवर्ष करीब 4500 से 5000 मरीजों को रक्त एवं रक्त घटकों का आधान किया जाता है, जो जिले में सर्वाधिक है। उन्होंने बताया कि जिले में आमजन अपने या परिजनों के जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ, संस्थानों के स्थापना दिवस तथा राष्ट्रीय पर्वों के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित कर स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा दे रहे हैं। इससे रक्त भंडारण की उपलब्धता बढ़ने के साथ जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल पाता है। कार्यक्रम में आरएमओ डॉ. सिद्धार्थ शर्मा, डॉ. विजय झाझड़िया, डॉ. आकाश जाखड़, डॉ. मेनका, डॉ. विजेंद्र ज्याणी, श्यामसुंदर शर्मा सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं कार्मिक मौजूद रहे।विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने समाज को यह संदेश दिया कि “रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी की जिंदगी बचाने का सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है।”