विधायक श्रवण कुमार की अनुशंसा पर सड़क, पेयजल, सीवरेज और पर्यावरण संरक्षण के दर्जनों कार्यों को मिली मंजूरी, ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत होगा विकास का ढांचा
सूरजगढ़ । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी ) के माध्यम से 11 करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। जिला कलेक्टर अरूण गर्ग द्वारा सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार की अनुशंसा पर इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। स्वीकृत कार्यों में खेल, सड़क, पेयजल, सीवरेज और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी अनेक योजनाएं शामिल हैं, जिनसे क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण परियोजना ग्राम पंचायत काकोड़ा में 3 करोड़ रूपये की लागत से आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण है। यह स्टेडियम ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र को खेल गतिविधियों का नया केंद्र बनाएगा।क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने के लिए जाखोद से लोटिया रोड तक 3 किलोमीटर सड़क निर्माण हेतु 75 लाख रूपये तथा जाखोद से राठियों की ढाणी तक 2 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 50 लाख रूपये स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं से ग्रामीणों को सुगम यातायात सुविधा मिलेगी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
11 गांवों को मिलेगी पेयजल संकट से राहत
पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लोटिया, भुडनपुरा, कासनी, धिंगड़िया, किढवाना, हीरवा, कलगांव, माजरी सहित 11 गांवों में 16-16 लाख रूपये की लागत से नए नलकूप स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा पचेरी कलां, बडसरी का बास, गुंती सहित कई गांवों में नए ट्यूबवेल, विद्युत कनेक्शन, पाइपलाइन विस्तार तथा पुराने नलकूपों को गहरा करने के कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। विभिन्न ढाणियों और मोहल्लों में सूखे नलकूपों के स्थान पर नए ट्यूबवेल निर्माण, मोटर-केबल स्थापना और पाइपलाइन विस्तार के दर्जनों कार्यों को मंजूरी मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था को स्थायी मजबूती मिलेगी।
सिंघाना में विकसित होगा ‘नमो वन’
मुख्यमंत्री बजट घोषणा के अंतर्गत सिंघाना पंचायत समिति क्षेत्र में 50 लाख रूपये की लागत से चरणबद्ध तरीके से ‘नमो वन’ विकसित किया जाएगा। यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र विस्तार और जनभागीदारी आधारित वृक्षारोपण को बढ़ावा देगी। वहीं भैसावता कलां, जैतपुरा, सिंघाना, मुरादपुर और सांतड़िया में सीवरेज लाइन निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों से जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता संबंधी समस्याओं का समाधान होगा।विधायक श्रवण कुमार ने कहा कि सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक सड़क, पेयजल, खेल, शिक्षा और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि “जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और गांव-गांव तक विकास पहुंचाना ही हमारा संकल्प है। डीएमएफटी के माध्यम से स्वीकृत ये कार्य क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।”
एक साथ 11 करोड़ रूपये से अधिक की विकास परियोजनाओं को मंजूरी मिलने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इसे सूरजगढ़ विधानसभा के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास की रफ्तार और तेज होगी।










