केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ

सूचना केंद्र परिसर में प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने किया चार दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन, प्रेस वार्ता में सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर आधारित चार दिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ गुरुवार को सूचना केंद्र परिसर में जिले के प्रभारी मंत्री एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने किया। इस अवसर पर झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों, अभियानों तथा विकास कार्यों को फोटो पैनलों एवं प्रदर्श सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों से अवगत कराना है। प्रदर्शनी अवलोकन के दौरान प्रभारी मंत्री ने राजीविका के तहत संचालित कस्टम हायरिंग सेंटर (सीएचसी) के लिए तीन ट्रैक्टरों की सुपुर्दगी भी की। इन ट्रैक्टरों एवं कृषि उपकरणों के माध्यम से किसान किराये पर आधुनिक कृषि संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे, जिससे कृषि कार्यों में सुविधा एवं उत्पादकता बढ़ेगी।

प्रेस वार्ता में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

प्रदर्शनी के उद्घाटन के पश्चात प्रभारी मंत्री ने सूचना केंद्र सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देश एवं प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों एवं जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं तथा सर्वाधिक अवधि तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का गौरव भी प्राप्त किया है। उन्होंने राजस्थान की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि अनेक क्षेत्रों में प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्ष देश के लिए “विश्वास, विकास और जनकल्याण” के वर्ष साबित हुए हैं। उन्होंने झुंझुनूं जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि शीघ्र ही जिलेवासियों को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। साथ ही उन्होंने 12 जून से प्रारंभ होने वाले ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों को आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया।।इस अवसर पर झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष जनता को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से राजस्थान में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं तथा प्रदेश आज विकास के मार्ग पर अग्रणी राज्यों में शामिल है।।कार्यक्रम में पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, विशंभर पूनिया, बनवारी लाल सैनी, भाजपा नेता इंजी. प्यारेलाल ढूकिया, मुरारी सैनी, सरजीत चौधरी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामनिवास चौधरी, जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन पूनिया, कृषि विस्तार विभाग के संयुक्त निदेशक राजेंद्र लांबा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी रविवार तक आमजन के लिए नि:शुल्क अवलोकन हेतु खुली रहेगी।