9 साल से फरार 5 हजार का इनामी वारंटी गिरफ्तार, सूरजगढ़ पुलिस मिली को बड़ी सफलता

चोरी के मामले में धारा 299 सीआरपीसी के तहत वांछित था आरोपी, हरियाणा से दबोचा गया

सूरजगढ़ । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले की सूरजगढ़ थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक इनामी स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। चोरी के एक प्रकरण में पिछले करीब नौ वर्षों से फरार चल रहे तथा 5 हजार रूपये के इनामी वारंटी कृष्ण उर्फ कनहोरी को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा चिड़ावा वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। सूरजगढ़ थानाधिकारी रणजीत सिंह सेवदा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अथक प्रयास करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कृष्ण उर्फ कनहोरी पुत्र अर्जुन सिंह (35 वर्ष) मूल रूप से गांव कन्होरा, थाना रूहडाई (हरियाणा) का निवासी है तथा वर्तमान में शिव मंदिर के पास, मोहल्ला 529, वाल्मीकि बस्ती, बावल जिला रेवाड़ी (हरियाणा) में रह रहा था। आरोपी चोरी के एक मामले में वांछित था और न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए धारा 299 सीआरपीसी के तहत स्थायी वारंट जारी किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रूपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस टीम ने तकनीकी सूचना एवं सतत निगरानी के आधार पर आरोपी की तलाश करते हुए उसे हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले नौ वर्षों से कानून की पकड़ से दूर था, लेकिन पुलिस की सक्रियता और लगातार प्रयासों के चलते आखिरकार उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की गई।इस कार्रवाई में थानाधिकारी रणजीत सिंह सेवदा, सहायक उप निरीक्षक पारसराम, कांस्टेबल राजकुमार, महेश कुमार तथा कांस्टेबल पवन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से कांस्टेबल महेश कुमार का योगदान उल्लेखनीय रहा।पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में फरार एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून से बचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।