राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग में तनु नेहरा का धमाका, दो पदक जीतकर एशियन चैंपियनशिप का टिकट किया पक्का
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेल प्रतिभाओं की धरती झुंझुनूं की बेटी तनु कुमारी नेहरा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए जिले, राजस्थान और अपने विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा तनु ने जूनियर नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत एवं कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। उड़ीसा के भुवनेश्वर स्थित के.टी. ग्लोबल स्कूल में 30 मई से 4 जून तक आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन, अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति तथा भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। राजस्थान टीम की ओर से 40 से अधिक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश की, जिनमें प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल के छह खिलाड़ी शामिल थे। इनमें तनु कुमारी नेहरा ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल और शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए 60 किलोग्राम भार वर्ग की पॉइंट फाइट स्पर्धा में रजत पदक तथा किकलाइट स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर बड़ी सफलता हासिल की।
तनु नेहरा की यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि वह पिछले तीन वर्षों से लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर उनका चयन अब आगामी एशियन किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भी हो गया है। यह उपलब्धि उनके खेल जीवन में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। प्रिंस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. जी.एल. कालेर एवं निदेशक निर्मल कालेर ने तनु कुमारी नेहरा और अन्य सफल खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर लगातार अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। यह पूरे संस्थान और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि तनु आगामी एशियन चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। कोच सदीप योगी ने बताया कि तनु नेहरा एक बेहद मेहनती, अनुशासित और समर्पित खिलाड़ी हैं। उनकी लगन और खेल के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता दिलाने में सक्षम है। इस अवसर पर एकेडमिक डायरेक्टर समीर शर्मा, प्रिंसिपल डॉ. अनिता पंत शर्मा, महेंद्र सैनी सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने तनु और अन्य सफल खिलाड़ियों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










