एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में चला अभियान, हेलमेट पहनने और यातायात नियमों की पालना का दिलाया संकल्प झुंझुनूं पुलिस ने दो दिन में बांटे 898 हेलमेट

विशेष यातायात जागरूकता एवं प्रवर्तन सप्ताह के तहत भामाशाहों के सहयोग से सड़क सुरक्षा का दिया मजबूत संदेश

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से झुंझुनूं पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “विशेष यातायात जागरूकता एवं प्रवर्तन सप्ताह” के तहत जिले में हेलमेट वितरण का व्यापक अभियान चलाया गया। जिला पुलिस ने भामाशाहों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से दो दिनों में 898 दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में 2 जून से 7 जून तक आयोजित इस विशेष सप्ताह के दौरान सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का रूप देने के प्रयास किए गए। अभियान के तहत 6 जून को 400 तथा 7 जून को 498 हेलमेट वितरित किए गए। इस प्रकार दो दिनों में कुल 898 हेलमेट बांटकर वाहन चालकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया I पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगना मृत्यु का सबसे बड़ा कारण होता है। ऐसे में हेलमेट केवल कानूनी अनिवार्यता ही नहीं, बल्कि जीवन रक्षक कवच भी है। हेलमेट वितरण के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना, निर्धारित गति सीमा में वाहन संचालन और सदैव हेलमेट पहनकर यात्रा करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। यदि हर नागरिक यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प ले, तो सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।।वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत ने कहा कि जागरूकता और अनुशासन ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था की आधारशिला हैं। पुलिस का प्रयास है कि लोगों में सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो और वे स्वयं नियमों की पालना करते हुए दूसरों को भी प्रेरित करें।।झुंझुनूं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाएं। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों की पालना न केवल स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करती है, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

“सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन”

झुंझुनूं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता, प्रवर्तन और जनसहभागिता के ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जिले में सुरक्षित, सुगम और अनुशासित यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।