आईएएस नवीन जैन ने कहा—बाल सुरक्षा केवल परिवार की नहीं, पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
बड़ागांव स्थित सेठ शिवदत्त राय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्पर्श अभियान के तहत गुरूवार को आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं झुंझुनूं के प्रभारी सचिव नवीन जैन ने करीब 1300 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से सीधा संवाद कर उन्हें सकारात्मक सोच, बाल सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जीवन में सही सोच विकसित करने के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।आईएएस नवीन जैन ने विद्यार्थियों को ग्रेटीट्यूड बनाम एटीट्यूड, थैंकफुलनेस बनाम थैंकलेसनेस, इंफॉर्मेशन बनाम नॉलेज, पॉजिटिविटी बनाम नेगेटिविटी, पेबैक टू सोसायटी, पीयर एजुकेटर, साइबर सिक्योरिटी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा चाइल्ड एब्यूज प्रिवेंशन जैसे विषयों को प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से समझाया।उन्होंने कहा कि सिर्फ जानकारी हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जानकारी का सकारात्मक उपयोग करते हुए समाज के लिए योगदान देना ही वास्तविक सफलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सावधान रहने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सीख दी। नवीन जैन ने कहा कि बच्चों को गुड टच और बैड टच की समझ होना उतना ही जरूरी है, जितना उनके लिए खाना, पानी और ऑक्सीजन जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। बाल सुरक्षा केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से किसी न किसी सकारात्मक सामाजिक पहल से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं जागरूक बनने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम समन्वयक प्रमेन्द्र कुल्हार ने बताया कि जिला कलेक्टर के सहयोग से इससे पूर्व 8 अगस्त को झुंझुनूं जिले के विभिन्न विद्यालयों में 18,237 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जागरूक किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जिले में आगे भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। स्पर्श अभियान के समन्वयक डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि बच्चों एवं किशोरों को जागरूक करने के उद्देश्य से 24 अगस्त 2019 को स्पर्श अभियान की शुरूआत की गई थी। अभियान अब तक 21 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच बना चुका है। इसकी खासियत इसका स्वैच्छिक, पेपरलेस और ऑफिसलेस स्वरूप है। डॉक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर, मैनेजमेंट विशेषज्ञ सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स स्वयंसेवक के रूप में अभियान से जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र खीचड़, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी राजेश हलवान, केशव झाझड़िया तथा डाइट से श्रीराम सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था के प्रधानाचार्य महिपाल महला ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नवीन जैन एवं स्पर्श अभियान की पूरी टीम का विद्यार्थियों को जागरूक करने की मुहिम के लिए आभार व्यक्त किया।










