5-10 दिन में चमत्कार दिखाऊंगा की धमकी दी , चौथे दिन ही शिक्षक दंपत्ति की कार फूंकी

झुंझुनूं शहर के बसंत विहार में बदमाशों का आतंक, पहले फोड़े शीशे, फिर पेट्रोल डालकर कार में लगाई आग

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
शहर के बसंत विहार इलाके में एक शिक्षक दंपत्ति की घर के बाहर खड़ी कार में आग लगाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़ित शिक्षक का आरोप है कि कुछ दिन पहले पड़ौसी दुकानदार ने उसे 5-10 दिन में चमत्कार दिखाने की धमकी दी थी और अब उसी धमकी के बाद उसकी कार को आग के हवाले कर दिया गया। घटना शुक्रवार देर रात करीब 11.15 बजे की बताई जा रही है। बसंत विहार निवासी शिक्षक रविंद्र यादव, जो वर्तमान में बहरोड़ अलवर में कार्यरत हैं और छुट्टियों में घर आए हुए थे, ने कोतवाली थाने में दी शिकायत में पड़ौसी दुकानदार सज्जन सोनी पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनकी पत्नी पिंकी यादव भी शिक्षिका है और झुंझुनूं में ही कार्यरत हैं। पीड़ित के अनुसार कुछ दिन पहले उन्होंने कॉलोनी में शराबियों के जमावड़े, गाली-गलौज और असामाजिक गतिविधियों की आनलाइन दर्ज करवाई थी। शिकायत पड़ोसी दुकानदार की किराना दुकान को लेकर की गई थी। जहां देर रात तक लोगों का जमावड़ा लगा रहता था। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामला शांत करा दिया था। रविंद्र यादव का आरोप है कि इसके बाद सज्जन सोनी उनके घर आया और धमकी देते हुए कहा कि उसके पास गुंडे हैं तथा वह 5-10 दिन में उन्हें चमत्कार दिखाएगा। पीड़ित का दावा है कि उसी धमकी के कुछ दिन बाद यह वारदात हुई। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज के अनुसार दो युवक नायकों वाले मोहल्ले की ओर जाने वाली गली से एक-एक कर आते दिखाई देते हैं। पहले दोनों युवक मौके की रेकी करते हैं। लेकिन इसी दौरान वहां एक बाइक आ जाने से वापस लौट जाते हैं। करीब चार-पांच मिनट बाद दोनों फिर लौटते हैं। फुटेज में एक युवक कार पर पेट्रोल छिड़कता दिखाई देता है। जबकि दूसरा युवक लाठी से कार के शीशे तोड़ता है। इसके बाद कार में आग लगा दी जाती है और दोनों आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं। शीशे टूटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी और उसे भारी नुकसान पहुंच चुका था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे दोनों युवक घटना से पहले कुछ समय तक सज्जन सोनी की दुकान के सामने खड़े दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पूरी वारदात के पीछे सज्जन सोनी की साजिश हो सकती है और पुलिस को इस एंगल से जांच करनी चाहिए। घटना के बाद शिक्षक दंपत्ति और उनके परिवार में भय का माहौल है। रविंद्र यादव ने पुलिस से अपनी एवं परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए सीसीटीवी फुटेज, जली हुई कार के फोटो और अन्य साक्ष्य जांच के लिए उपलब्ध कराने की बात कही है। फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।