गोठड़ा ब्लास्टिंग मामला पहुंचा जयपुर: ग्रामीणों ने सांसद हनुमान बेनीवाल से लगाई न्याय की गुहार

शिकायतकर्ताओं को प्रताड़ित करने का आरोप, उच्च स्तरीय जांच और सुरक्षा की मांग

नवलगढ़। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
गोठड़ा गांव में कथित ब्लास्टिंग एवं खनन गतिविधियों को लेकर उठे विवाद ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। मामले में न्याय की मांग को लेकर गांव के ग्रामीण जयपुर स्थित सांसद आवास पहुंचे और सांसद हनुमान बेनीवाल से मुलाकात कर अपनी पीड़ा साझा की। ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि गांव में लंबे समय से चल रही ब्लास्टिंग और खनन गतिविधियों के कारण आमजन परेशान हैं। उनका आरोप है कि जब उन्होंने संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई तो कार्रवाई करने के बजाय पुलिस द्वारा उन्हें ही प्रताड़ित किया जाने लगा। ग्रामीणों ने कहा कि शिकायतकर्ताओं को डराने-धमकाने और दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।ग्रामीणों की बात गंभीरता से सुनने के बाद सांसद बेनीवाल ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी नागरिक को अपनी समस्या उठाने और शिकायत दर्ज कराने का पूरा अधिकार है। ऐसे में शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की जिम्मेदारी प्रशासन की है। यदि शिकायत करने वाले लोगों को ही परेशान किया जा रहा है तो यह अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है। सांसद बेनीवाल ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा और किसी भी स्तर पर अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर बंटी नेहरा, ओमप्रकाश एचरा, संजीव कालीरावणा, विक्रम, सुरेश कालीरावणा, विकास पचार सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधि के हस्तक्षेप के बाद मामले की निष्पक्ष जांच होगी और उन्हें न्याय मिलेगा।