शिव मंदिर में हुई चोरी का खुलासा: 6 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, चोरी का पूरा सामान बरामद

बिसाऊ। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
झुंझुनूं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिव मंदिर में हुई चोरी की वारदात का महज छह घंटे में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी किया गया संपूर्ण सामान भी बरामद कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी झुंझुनूं ग्रामीण हरिसिंह धायल के सुपरविजन में थाना बिसाऊ पुलिस ने यह सफलता हासिल की। थाना प्रभारी शेरसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। जानकारी के अनुसार, कस्बा बिसाऊ स्थित राजपूत समाज के मुक्तिधाम में बने शिव मंदिर में 1 जून की रात अज्ञात चोर ने मंदिर का ताला तोड़कर आरती मशीन, शिवलिंग का तांबे का कलश, शेषनाग-त्रिशूल स्टैंड, 200 फीट केबल रोल, प्लास्टिक बाल्टी, पीतल की घंटी, पीतल का दीपक तथा एक ओरिएंट पंखा चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने मंदिर में स्थापित मूर्ति को भी हटाकर मुख्य द्वार के पास पटक दिया, जिससे श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त हो गया। घटना की सूचना मिलने पर मंदिर समिति से जुड़े नरेन्द्र सिंह ने पुलिस थाना बिसाऊ में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और आसपास के लोगों से पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण तथा सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी जाकिर खान (42) निवासी वार्ड संख्या 13, बिसाऊ को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया संपूर्ण सामान बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है तथा मामले में आगे की जांच जारी है। कार्रवाई में शेरसिंह, थानाधिकारी, पुलिस थाना बिसाऊ , श्यामलाल, सहायक उपनिरीक्षक , नरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल , विजय सिंह, कांस्टेबल शामिल रहें I पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धार्मिक स्थल पर चोरी जैसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मामले का शीघ्र खुलासा किया गया है। आरोपी से पूछताछ के दौरान अन्य मामलों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।